Haryana: हांसी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो आरोपी गिरफ्तार, एक को लगी गोली
Encounter between police and criminals in Hansi, two accused arrested, one shot
हरियाणा के हिसार जिले के हांसी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी रवि के पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान न्यू सुभाष नगर निवासी रवि और ढाणी केंदू निवासी इंद्र सैनी के रूप में हुई है। ये दोनों गांव शेखपुरा में सरपंच के घर और ढाणी पुरिया में शराब ठेकेदार के घर के बाहर हवाई फायरिंग करने के आरोपी थे। घटना के करीब 10 दिन बाद पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार किया।
आरोपियों के पास से 2 पिस्टल, देसी कट्टा, 4 जिंदा राउंड (32 बोर) और 1 जिंदा राउंड (315 बोर) बरामद किए गए हैं। आरोपी रवि के खिलाफ आर्म्स एक्ट, चोरी, हत्या के प्रयास समेत कई मामले दर्ज हैं, जबकि इंद्र सैनी पर एक्साइज एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के अनुसार, दोनों आरोपियों ने हत्या के प्रयास के तहत फायरिंग की थी। स्पेशल स्टाफ हांसी पुलिस और एसटीएफ की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर वीरवार रात करीब 11 बजे आरपीएस स्कूल के पास खंडहर कमरों में छिपे बदमाशों को घेरा। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई मुठभेड़ में रवि घायल हो गया, जबकि इंद्र को काबू कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत थाना बास में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


