Panchkula: पंचकूला में संदिग्ध अवस्था में मिला दुकानदार का शव
Shopkeeper’s body found in suspicious condition in Panchkula: पंचकूला के सेक्टर-23 स्थित बंदर घाटी के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बुधवार सुबह एक युवक का शव सड़क से नीचे गिरा हुआ पाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही चंडीमंदिर थाना पुलिस और सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान गुरमीत सिंह के रूप में हुई है, जो गांव बागवाली, रायपुररानी का रहने वाला था और पंचकूला के सेक्टर-21 स्थित गांव महेशपुर में ‘कुणाल मेडिकोज’ नाम से मेडिकल स्टोर चलाता था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गुरमीत करीब 30 मीटर गहरी ढलान में बाइक समेत गिरा हुआ मिला, और उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे।
मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त थी। पुलिस को किसी अज्ञात वाहन से टक्कर की आशंका है।
शव को कब्जे में लेकर सेक्टर-6 सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
परिजनों ने बताया कि मंगलवार रात से गुरमीत लापता था।
शिकायतकर्ता जगमाल सिंह, जो मृतक के चाचा हैं, ने पुलिस को बताया कि गुरमीत रोजाना रात 10:30 बजे दुकान बंद कर घर पहुंचता था, लेकिन उस रात वह लौटा ही नहीं।
मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा था। काफी तलाश करने के बाद सेक्टर-21 पुलिस चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई गई थी।
अब जब उसका शव मिला है, तो परिजनों में शोक की लहर है और पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई जारी है।


