Kanpur: अधेड़ का शव मिलने से सनसनी, चेहरा बुरी तरह कुचला, हत्या की आशंका
कानपुर के घाटमपुर और सजेती थाना क्षेत्र के बार्डर पर स्थित भैरमपुर और पुष्पुपुर गांव के बीच सड़क किनारे एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक का चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था, जिससे उसकी पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा था। पुलिस को आशंका है कि अधेड़ की हत्या कर शव को यहां फेंका गया है।
हत्या कर शव को कुचला गया!
पुलिस को घटनास्थल पर फैले खून के निशानों से अंदाजा हो रहा है कि शव को यहीं लाकर चेहरा ईंट से कुचला गया, जिससे उसकी पहचान छिपाई जा सके। मौके पर पहुंचे मृतक के बेटे नीटू ने शव की पहचान जमालपुर, थाना सजेती निवासी परशुराम यादव के रूप में की।
फोरेंसिक टीम बुलाई गई, जांच जारी
घाटमपुर थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है, ताकि जांच के बाद स्थिति स्पष्ट की जा सके। हालांकि, शव मिलने का स्थान सजेती और घाटमपुर थाना क्षेत्र के बॉर्डर पर होने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि घटना किस थाना क्षेत्र में हुई।
सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस
शव मिलने के बाद घाटमपुर और सजेती पुलिस के बीच सीमा विवाद को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। दोनों थाना क्षेत्रों की पुलिस यह तय करने में उलझी रही कि केस की जांच कौन करेगा। कई घंटों की बहस के बाद, अंततः सजेती पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
नोएडा में सिक्योरिटी गार्ड था मृतक
मृतक परशुराम यादव परी चौक, नोएडा में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करता था। वह कल शाम अपने घर से निकला था, जिसके बाद से वह लापता था।
फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी।


