ED Big Action: कई जगहों पर की ज़बरदस्त रेड एक नेता से जुड़ा है 700 करोड़ की बैंक धोखाधड़ी का मामला
देश में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार सुबह बड़ा अभियान चलाया। केंद्रीय जांच एजेंसी ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मुंबई में एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की है। यह कार्रवाई समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी से जुड़े ठिकानों पर की जा रही है। बताया जा रहा है कि यह छापेमारी 700 करोड़ रुपये की बैंक धोखाधड़ी के मामले में की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, विनय शंकर तिवारी सरकारी ठेके लेने वाली गंगोत्री एंटरप्राइजेज के प्रमोटर हैं। इस कंपनी पर बैंकों के साथ धोखाधड़ी का आरोप है। बैंकों की शिकायत के आधार पर सीबीआई ने पहले केस दर्ज किया था, जिसके बाद ईडी ने भी मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत जांच शुरू की। नवंबर 2023 में ईडी ने विनय शंकर तिवारी की 70 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त की थीं।
फिलहाल ईडी की टीमें गोरखपुर, लखनऊ, नोएडा सहित करीब 10 ठिकानों पर छानबीन कर रही हैं। मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात है। दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।
वहीं दूसरी ओर, ईडी ने तमिलनाडु में भी छापेमारी की है। चेन्नई में जीएसएनआर राइस इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के दफ्तरों पर रेड की जा रही है। यह कंपनी कथित तौर पर राज्य के मंत्री केएन नेहरू के बेटे और डीएमके सांसद अरुण नेहरू से जुड़ी है। इसके साथ ही चेन्नई के ट्रू वैल्यू होम्स (TVH) बिल्डर्स पर भी ईडी की छापेमारी चल रही है।
जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी का अभी इंतज़ार है। ईडी की यह कार्रवाई लगातार जारी है।


