Maharashtra: बस में हैवानियत आरोपी फरार 👇
Brutality accused absconds in bus
पढ़ें पूरी खबर 👇
महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) के एक प्रमुख बस अड्डे पर हुई जघन्य अपराध की घटना ने पूरे राज्य में आक्रोश फैला दिया है। मंगलवार की सुबह पुणे के स्वारगेट बस अड्डे पर एक 26 वर्षीय महिला के साथ हुई दुष्कर्म की घटना ने कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से फरार है, जिससे लोगों में गुस्सा और असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एमएसआरटीसी के प्रबंध निदेशक विवेक भीमनवार को घटना की विस्तृत विभागीय जांच कर सात दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने को कहा है। इसके साथ ही बस अड्डे पर कार्यरत सभी 23 सुरक्षा गार्डों को तत्काल प्रभाव से बदलने के आदेश दिए गए हैं। यदि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित बस अड्डा प्रभारी और डिपो मैनेजर को निलंबित किया जाएगा।
घटना के संबंध में पीड़िता ने अपनी आपबीती साझा की। उसने बताया कि वह मंगलवार सुबह करीब पौने छह बजे सतारा जिले के फलटण जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उसके पास आया और बातचीत करते हुए उसे ‘दीदी’ कहकर संबोधित किया। उसने पीड़िता को बताया कि सतारा जाने वाली बस दूसरे स्टैंड पर आ गई है और उसे वहां चलने को कहा। आरोपी उसे एक खाली ‘शिव शाही’ एसी बस में ले गया, जहाँ बस के अंदर रोशनी नहीं थी। पहले तो महिला हिचकिचाई, लेकिन व्यक्ति के आश्वासन पर बस में चढ़ गई। तभी आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की सहायता से आरोपी की पहचान कर ली है और उसे पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। पुलिस उपायुक्त स्मार्तना पाटिल ने जानकारी दी कि फुटेज में पीड़िता को आरोपी के साथ बस की ओर जाते हुए देखा जा सकता है। घटना के समय बस अड्डे पर कई बसें और यात्री मौजूद थे। डीसीपी ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने पुलिस से संपर्क नहीं किया, बल्कि फलटन जाने वाली बस में सवार हो गई और यात्रा के दौरान अपने दोस्त को फोन पर पूरी घटना के बारे में बताया। दोस्त की सलाह पर उसने पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पीड़िता की हालत स्थिर है और उसने पुलिस को स्पष्ट बयान दिया है।
इस घटना पर राज्य महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मरक्षा के लिए प्रशिक्षित किया जाना चाहिए और उन्हें हर समय सतर्क रहने की आवश्यकता है। महिला आयोग ने आरोपी के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।


