Madhya pradesh: मधुमक्खियों का ये कैसा हमला
What kind of attack is this from bees?
मध्य प्रदेश के सतना जिले में आयोजित होने वाले भूमि पूजन कार्यक्रम की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। टेंट लग चुका था, मंच तैयार था, लेकिन ऐन वक्त पर मधुमक्खियों ने सारा माहौल बिगाड़ दिया। अचानक हुए हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई, और अधिकारी-कर्मचारी अपनी जान बचाकर भागने को मजबूर हो गए।
यह घटना सिविल लाइन स्थित पुलिस शहीद स्मृति पार्क में हुई, जहां भूमि पूजन कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं। इस दौरान सतना एसपी आशुतोष गुप्ता, महापौर योगेश ताम्रकार और अन्य अधिकारी मौजूद थे, जबकि राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी कार्यक्रम में शामिल होने ही वाली थीं। तभी पास के एक पेड़ पर लगे मधुमक्खियों के छत्ते से अचानक मधुमक्खियां उड़कर लोगों पर हमला करने लगीं। भगदड़ मच गई, और निगम कमिश्नर, निगम अधिकारी, पुलिसकर्मी सहित सभी लोग अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम स्थल पर टेंट लगाने के दौरान एक पेड़ पर लगे मधुमक्खियों के छत्ते से बांस टकरा गया, जिससे मधुमक्खियां अचानक भड़क गईं। हमले के डर से कुछ लोग वाहनों में छिप गए, तो कुछ ने फायर स्टेशन में जाकर खिड़की-दरवाजे बंद कर लिए। इस घटना में कई लोग घायल भी हुए।
मधुमक्खियों के हमले के कारण भूमि पूजन स्थल को बदलना पड़ा और कार्यक्रम को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अंदर आयोजित किया गया।


