Shimla: रामपुर पुलिस ने युवक-युवती को 26.68 ग्राम चिट्टे के साथ दबोचा
Rampur police arrested a young man and woman with 26.68 grams of chitta
रामपुर पुलिस उपमंडल के विशेष दल ने एक युवक और युवती को 26.68 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। विशेष दल प्रभारी गौरव जिष्टू की अगुवाई में यह कार्रवाई कुड़ीधार/निरथ क्षेत्र में की गई।
पुलिस टीम ने जब सड़क किनारे खड़ी संदिग्ध गाड़ी (नंबर T1124HP7712N) की तलाशी ली, तो उसमें बैठे दो लोगों के पास मादक पदार्थ बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान सोहन लाल (25) निवासी गांव सलोहा, डाकघर तेबन, तहसील करसोग, जिला मंडी और गीता श्रेष्ठ (25) निवासी गांव टकोली, डाकघर पनारसा, तहसील ओट, जिला मंडी के रूप में हुई है।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
रामपुर के उपमंडल पुलिस अधिकारी नरेश शर्मा ने पुष्टि की कि दोनों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत पुलिस थाना रामपुर में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल, पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की जांच जारी है।
नशे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी
नरेश शर्मा ने कहा कि रामपुर पुलिस नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और जो भी व्यक्ति नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


